बांग्लादेश में तख्तापलट के साथ हुई हिंसा की पीड़ा उत्तराखंड के रुद्रपुर में रह रहे बंगाली समुदाय के लोगों में भी हैं। यहां के कई लोगों के रिश्तेदार बांग्लादेश में रहते हैं। उनकी सुरक्षा की चिंता सबको सता रही है।
आदर्श इंदिरा बंगाली कालोनी रुद्रपुर के संतोष सरकार ने बताया कि बांग्लादेश में उनके पैतृक आवास से महज आठ किलोमीटर दूर दंगाई पहुंच चुके हैं। बाजार में घुसकर भतीजे की दो हार्डवेयर की दुकानों को फूंक दिया है। परिवार के सभी सदस्य सहमे हुए हैं। पूर्व में हुए युद्ध के दौरान वाली स्थिति फिर बन रही है। लोग वहां से भाग रहे हैं।
बड़े भाई अनिल सरकार बांग्लादेश में रहे
मूल रूप से ग्राम विष्णुपुर थाना कालीगांस जिला सतखोरा बांग्लादेश एवं हाल निवासी आदर्श इंदिरा बंगाली कालोनी के संतोष सरकार पुत्र वासुदेव सरकार 14 वर्ष की आयु में अपने चार भाइयों संग उत्तराखंड आ गए। जबकि दो भाई कोलकाता में बस गए।
दैनिक जागरण की टीम ने बुधवार को संतोष सरकार से बात की तो उनकी आंखें भर आईं। बोले-उनका भतीजा पैतृक आवास में रह रहा है। बड़े भाई अनिल की कालीगोंस बाजार में हार्डवेयर की दुकान थी। उसी व्यापार को भतीजों ने आगे बढ़ाया। बड़ा भतीजा ही पूरा व्यापार देखता है। जबकि दो अन्य भतीजे खेतीबाड़ी संभाल रहे हैं।
अभी दंगा सबसे अधिक उग्र
उन्होंने बताया कि घर से करीब डेढ़ सौ किलोमीटर दूर ढाका में अभी दंगा सबसे अधिक उग्र है। वहीं हार्डवेयर की दुकान भी है। भतीजा भी वहीं रहता था, लेकिन दंगाइयों ने उसकी दुकान फूंक दी। जिसके बाद भतीजा अब गांव आ चुका है। जहां खतरा बना हुआ है। जैसे-तैसे घरों में रह रहे हैं।
संतोष ने बताया कि वह दो वर्ष पहले पैतृक गांव गए थे। तब वहां सब कुछ सामान्य था। अब रात में अचानक आंख खुल रही है तो फिर पूरी रात चिंता में बीत रही है कि परिवार के लोग कैसे होंगे? यहां से फोन करने पर नहीं बात हो रही है। वहां से सिर्फ फोन आया है। बताया कि घर से आठ किलोमीटर दूर तक गोलियां चल रही है। दुकान फूंक रहे हैं। हिंदुओं को जिंदा जलाने तक का मामला पता चला है।

More Stories
देहरादून साइक्लिंग क्लब के अध्यक्ष हरिसिमरन सिंह ने किया ‘Emerging Trends in Multidisciplinary Research and Innovation’ पुस्तक का विमोचन
अभ्यास माउंटेन गार्जियन 2026 पूरे जोश एवं उत्साह के साथ जारी*
धामी सरकार का बड़ा कदम, पिथौरागढ़ जिला न्यायालय में बनेगी तीन मंजिला पार्किंग