October 31, 2026

Karm Ka Siddhant

न्यूज़ पोर्टल

त्योहारी सीजन में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उत्तरकाशी पुलिस सतर्क

त्योहारी सीजन में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उत्तरकाशी पुलिस सतर्क

 

पुलिस ने स्वर्णकारों की दुकानों का किया निरीक्षण, चोरी एवं धोखाधड़ी से बचाव के दिए सुझाव

 

उत्तरकाशी

जनपद में आगामी त्योहारी सीजन के दृष्टिगत शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा अप्रिय घटनाओं की रोकथाम के लिए पुलिस अधीक्षक श्रीमती कमलेश उपाध्याय ने समस्त थाना, कोतवाली प्रभारियों को जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने कहा कि बाजारों एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के साथ ही संदिग्ध गतिविधियों पर सतर्क निगरानी रखी जाए।

एसपी के निर्देशों के अनुपालन में बृहस्पतिवार को को प्रभारी निरीक्षक कोतवाली उत्तरकाशी दिनेश कुमार ने थाना क्षेत्रांतर्गत स्थित स्वर्णकार व्यवसायियों की दुकानों का भौतिक निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने स्वर्णकारों को चोरी, लूट, टप्पेबाजी एवं धोखाधड़ी जैसी घटनाओं की रोकथाम के लिए आवश्यक सुरक्षा उपायों की जानकारी देते हुए सतर्क रहने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि दुकान के प्रवेश द्वार, काउंटर एवं अन्य संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे स्थापित कर उन्हें सदैव क्रियाशील रखा जाए। सोना, चांदी, नकदी एवं अन्य मूल्यवान वस्तुओं को सुरक्षित स्थान पर रखें और दुकान बंद करते समय शटर, ताले और अन्य सुरक्षा उपकरणों की अच्छी तरह जांच की जाए।

पुलिस ने कहा कि यदि कोई संदिग्ध लगे तो उसकी गतिविधियों के प्रति सतर्क रहें तथा किसी भी असामान्य गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। आभूषणों की खरीद-बिक्री के दौरान नकदी एवं ऑनलाइन भुगतान की पुष्टि अवश्य करें। सोने-चांदी की शुद्धता और लेन-देन से संबंधित विवरणों की भी सावधानीपूर्वक जांच की जाए। टप्पेबाजी, धोखाधड़ी एवं अन्य संदिग्ध तरीकों से ठगी करने वाले व्यक्तियों से सतर्क रहें तथा कीमती आभूषणों के परिवहन के दौरान विशेष सावधानी बरतें।

news