राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता गढ़वाली फिल्म ‘ढोली’ ने बढ़ाया उत्तराखंड का गौरव, चौथे गीत ‘जागर’ का लोकार्पण
रिपोर्टर राजू ठाकुर l
देहरादून
राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित गढ़वाली फिल्म ‘ढोली’ के प्रचार-प्रसार को लेकर दून पुस्तकालय एवं शोध केंद्र में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान फिल्म के चौथे गीत ‘जागर’ का लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम में उत्तराखंड की लोक संस्कृति, पारंपरिक वाद्य यंत्रों और क्षेत्रीय सिनेमा के विकास पर चर्चा की गई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रो. (डॉ.) संजय जसोला ने कहा कि फिल्म ‘ढोली’ को राष्ट्रीय सम्मान मिलना पूरे उत्तराखंड के लिए गौरव की बात है। उन्होंने फिल्म के प्रचार-प्रसार के लिए सोशल मीडिया का प्रभावी उपयोग करने पर जोर दिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता पर्यावरणविद् एवं मैती आंदोलन के प्रणेता कल्याण सिंह रावत ‘मैती’ ने की। उन्होंने कहा कि फिल्म को मिला सम्मान उत्तराखंड के लोक कलाकारों और ढोल वादकों की सांस्कृतिक विरासत का भी सम्मान है। विशिष्ट अतिथि एडवोकेट ललित जोशी ने फिल्म की सराहना करते हुए ढोल वादकों के बच्चों को निःशुल्क शिक्षा देने की घोषणा की। वरिष्ठ रंगकर्मी अभि नंदा ने जागृति संस्था की ओर से फिल्म के प्रचार-प्रसार में सहयोग देने की बात कही।
फिल्म निर्देशक दिनेश पी. भोसले ने फिल्म निर्माण और उसकी विषयवस्तु की जानकारी देते हुए बताया कि फिल्म के माध्यम से उत्तराखंड की लोक परंपराओं और पहाड़ी जीवन को दर्शाने का प्रयास किया गया है। इस अवसर पर निर्देशक आशु चौहान सहित अन्य वक्ताओं ने भी क्षेत्रीय सिनेमा को बढ़ावा देने और स्थानीय कलाकारों को अवसर देने पर जोर दिया।
कार्यक्रम में उत्तराखंड की लोक कला एवं संस्कृति में योगदान के लिए पारंपरिक ढोल वादकों को सम्मानित किया गया। रुद्रप्रयाग के ढोल वादक धनीराम और कुलदीप को भी विशेष सम्मान दिया गया। इस अवसर पर मदन मोहन डुकलान, अमित कपूर, कुलानंद घनशाला, रमाकांत बेंजवाल, मोहन प्रसाद डिमरी, अजय जोशी, चंद्रशेखर तिवारी, नीरा नंदा सहित रंगकर्मी, साहित्यकार, कलाकार मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन गायत्री टम्टा ने किया।

More Stories
मुख्यमंत्री ने गुरुद्वारा साहिब में मत्था टेक प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की*
कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने डाट काली मंदिर पहुंचकर मां काली का मां काली का लिया आशीर्वाद
एसएसपी देहरादून के निर्देशो पर यातायात नियमो के प्रति जागरूकता हेतु पुलिस ने चलाया अभियान*