हल्द्वानी। मानसून की गरज के साथ कुमाऊं में बुधवार दोपहर बाद वर्षा नै रफ्तार पकड़ी। जागेश्वर धाम के पास जटागंगा गधेरा उफान पर आ गया और धाम को जोड़ने वाली सड़क जलमग्न हो गई। अस्थायी दुकानों में मलबा घुस गया है। भंडारा स्थल को जाने वाला पुल बहा है। सुरक्षा दीवारें ध्वस्त हो गई। देवदार के कुछ पेड़ भी गिरे हैं।
हल्द्वानी-रामनगर स्टेट हाईवे पर चकलुवा में पुलिया टूट गई है। हल्द्वानी में शनि बाजार नाले के बहाव में एक बच्चा बह गया। उसकी तलाश की जा रही है। पिथौरागढ़ में तवाघाट हाईवे बंद है। वर्षा के अलर्ट को देखते हुए नैनीताल, ऊधम सिंह नगर, चंपावत और बागेश्वर जिले में गुरुवार को प्रशासन ने स्कूल बंद रखने का आदेश जारी किया है।
जागेश्वर में दोपहिया वाहन बहे
जागेश्वर में जटागंगा गधेरे के उफान से सड़क किनारे खड़े दो दोपहिया वाहन बहे हैं। आरतोला के पास सड़क पहले से क्षतिग्रस्त थी, मगर ताजा वर्षा से इसे और नुकसान पहुंचा है। मंदिर प्रबंध समिति के उपाध्यक्ष नवीन भट्ट ने बताया कि सड़क मलबे से पट गई है। कालाढूंगी में गदरपुर निवासी रिजवान व रियाज की कार मैथीसाह नाले में फंस गई। दोनों कार से उतरे ही थे कि गाड़ी बहने लगी और 200 मीटर आगे अटक गई।
चकलुवा में निहाल नाले की पुलिया पूरी तख्ह टूटने से देहरादून- कालाढूंगी-हल्द्वानी के लिए आवागमन बंद हो गया है। प्रशासन ने वाहनों को डायवर्ट कर चकलुवा गांव से भेजा।
नैनीताल झील का जलस्तर 9.7 फीट पहुंच गया। झील के दो निकासी गेट खोल दिए गए हैं। टनकपुर-तवाघाट मार्ग अस्कोट से तीन किमी दूर भारी मलबा आने से बंद हैं। जिले में एक एनएच, एक सीमा मार्ग सहित 25 सड़कों पर यातायात ठप पड़ा है। बलुवाकोट के तल्लागांव स्थित बेनिया समेत तोक में भूस्खलन हो गया। एक मकान मलबे में दब गया है। परिवार के लोगों ने भागकर अपनी जान बचाई।
बागेश्वर में दो मकान अतिवृष्टि के भेंट चढ़े
बागेश्वर में सात सड़कें बंद हैं। जबकि दो मकान अतिवृष्टि के भेंट चढ़ गए हैं। कपकोट क्षेत्र में अधिक वर्षा हो रही है। हल्द्वानी में दमुवाडूंगा का कलसिया व रकसिया नाला उफान पर हैं। नालों के किनारे रहने वाले 80 परिवारों को अलर्ट किया गया है।
बनभूलपुरा का शनि बाजार नाला उफान पर आने से घर से दुकान पर सामान लेने गया सात वर्षीय रिजवान बह गया। पुलिस व फायर टीम ने देर रात तक उसकी तलाश की, लेकिन बच्चे का पता नहीं चल सका।

More Stories
छुटमलपुर में आंधी-बारिश का कहर, हाईटेंशन लाइन टूटी; सड़क पर आवागमन बाधित
मुख्यमंत्री धामी ने किया श्री कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले की स्वर्ण जयंती का शुभारंभ*
देहरादून साइक्लिंग क्लब के अध्यक्ष हरिसिमरन सिंह ने किया ‘Emerging Trends in Multidisciplinary Research and Innovation’ पुस्तक का विमोचन