September 19, 2024

Karm Ka Siddhant

न्यूज़ पोर्टल

रात से जारी बारिश से उत्‍तराखंड में भयावह हालात, कोसी व शिप्रा नदी से बाढ़ का खतरा


अल्मोड़ा

मध्य रात्रि से शुरु हुई बारिश से कोसी व शिप्रा नदी का बहाव तेज होने से खैरना व गरमपानी क्षेत्र के बाशिंदों की धड़कनें बढ़ गई। खैरना क्षेत्र में कोसी नदी का पानी आबादी के नजदीक तक पहुंचने से लोग घरों से बाहर निकल आए।

 

छतों से लोग पानी के जलस्तर पर नजर रखने को मजबूर हो गए। रानीखेत पुल से खैरना स्थित मोक्ष धाम तक सुरक्षा के इंतजाम न होने से अनहोनी का अंदेशा बना हुआ है।

 

आबादी के नजदीक पहुंचा कोसी नदी का पानी

गुरुवार को तेज बारिश के दौरान एकाएक उत्तरवाहिनी शिप्रा व अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे किनारे बहने वाली कोसी नदी का जलस्तर बढ़ गया। बहाव तेज होने से खैरना क्षेत्र में रानीखेत पुल से दोनों नदियों के संगम पर स्थित मोक्ष धाम तक नदी क्षेत्र में बाढ़ सुरक्षा के कार्य न होने से कोसी नदी का पानी आबादी के नजदीक तक पहुंच गया।

 

लगातार बढ़ रहे खतरे को भांप लोग छतों पर चढ़ गए। बढ़ रहे जल स्तर पर निगरानी शुरु कर दी गई। गरमपानी बाजार के ठिक पीछे बहने वाली शिप्रा नदी का बहाव तेज होने से भी स्थानीय लोग परेशान रहे।

 

पहले भी तबाही मचा चुका है नदी का तेज बहाव

पूर्व में नदी के तेज बहाव की जद में आकर कई आवासीय भवन जमींदोज हो गए थे जबकि बड़ी संख्या में मकानों को नुकसान पहुंचा था। हालांकि अब बाढ़ सुरक्षा कार्य होने के बाद काफि हद तक खतरा टल गया है पर नदी का बढ़ते जल स्तर से बाढ़ सुरक्षा कार्यो की बुनियाद को खतरा बढ़ने का अंदेशा है।

 

खैरना पुलिस की टीम ने लोगों को नजदीक न जाने को जागरुक किया। व्यापारी नेता बिशन सिंह जंतवाल, महेंद्र सिंह बिष्ट, राजू नेगी आदि ने रानीखेत पुल से खैरना तक बाढ़ सुरक्षा कार्य करवाए जाने की मांग उठाई है ताकि लातिन बढ़ रहे खतरे को टाला जा सके।

 

गरमपानी बाजार में पहाड़ी से पत्थर गिरने से अफरा तफरी

बारिश के साथ ही गरमपानी खैरना बाजार से सटी थुआ की पहाड़ी से पत्थर गिरने शुरु हो जा रहे है। बाजार क्षेत्र में देवी मंदिर के समीप पहाड़ी से गिरे पत्थरों से बाजार में अफरा तफरी मच गई। बाजार में खड़ी कार क्षतिग्रस्त हो गई। गनीमत रही की राहगीर व दुकानदार चपेट में नही आए और बड़ा हादसा टल गया। आए दिन बाजार क्षेत्र में पहाड़ी से पत्थरों के गिरने से स्थानीय लोग दहशत में हैं।

 

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार मध्य रात्रि से कोसी घाटी में बारिश का दौर शुरु हो गया। गुरुवार सुबह तेज के बीच गरमपानी स्थित देवी मंदिर के समीप थुआ की पहाड़ी दरक गई। जोरदार आवाज के साथ पहाड़ी से पत्थर बाजार क्षेत्र की ओर गिरने शुरु हो गए। पहाड़ी से पत्थरों के गिरने से बाजार क्षेत्र में हड़कंप मच गया। व्यापारियों व राहगीरों ने बचने को सुरक्षित स्थान की ओर दौड़ लगा दी।

 

पहाड़ी से गिरा बड़ा पत्थर बाजार में हाईवे किनारे खड़ी कार से जा टकराया। कार सवारों ने भी भागकर जान बचाई। काफि देर तक पत्थरों के गिरने से हाईवे पर आवाजाही कर रहे वाहन चालकों ने भी सुरक्षा के मद्देनजर वाहन रोक लिए। कुछ देर बाद पत्थरों के गिरने का क्रम थमने के बाद आवाजाही शुरु हुई।बाजार क्षेत्र में आए दिन पहाड़ी से गिर रहे पत्थरों से खतरा बढ़ गया है। क्षेत्रवासियों में भी दहशत व्याप्त है। स्थानीय लोगों ने खतरे वाले स्थानों पर सुरक्षा के ठोस उपाय किए जाने की मांग उठाई है।


news

You may have missed